मुंबई, 26 जून।
'कॉकटेल 2' ने रिलीज के पहले सप्ताह में बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की थी, लेकिन अब फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ती दिखाई दे रही है। शुरुआती दिनों में दर्शकों का अच्छा समर्थन मिलने के बाद कारोबारी दिनों में इसके कारोबार में गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद हाल में रिलीज हुई कई फिल्मों की तुलना में फिल्म का प्रदर्शन अब भी बेहतर माना जा रहा है।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के सातवें दिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 4.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 70.40 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 83.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं विदेशी बाजार में सातवें दिन फिल्म ने 1 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल ओवरसीज कलेक्शन 25 करोड़ रुपये हो गया। इसके बाद फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन बढ़कर 108.95 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
अब फिल्म के सामने अगली बड़ी चुनौती 'वेलकम टू द जंगल' की रिलीज मानी जा रही है। अक्षय कुमार की यह मल्टीस्टारर कॉमेडी इसी सप्ताह सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है। फिल्म में परेश रावल, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, रवीना टंडन, राजपाल यादव और जॉनी लीवर सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच बने उत्साह और चर्चा को देखते हुए माना जा रहा है कि 'वेलकम टू द जंगल' की रिलीज का असर 'कॉकटेल 2' के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर पड़ सकता है।








