भोपाल, 26 जून।
राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गांधीनगर पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले आदतन बदमाश सोहेल उर्फ बच्चा को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना वैध अनुमति के भोपाल की सीमा में प्रवेश कर विदिशा बायपास स्थित एक ढाबे पर बैठा मिला था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार अपराधियों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना गांधीनगर का सूचीबद्ध बदमाश और जिला बदर आरोपी सोहेल उर्फ बच्चा विदिशा बायपास के एक ढाबे पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सोहेल उर्फ बच्चा (31) निवासी सिराज पट्टी, शासकीय हाई स्कूल के पीछे, गांधीनगर के रूप में बताई। जांच में सामने आया कि मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क)(ख) के तहत उसे एक वर्ष के लिए भोपाल सहित विदिशा, सीहोर, रायसेन और नर्मदापुरम की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने के आदेश दिए गए थे।
पुलिस ने आरोपी से भोपाल आने की अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक सोहेल उर्फ बच्चा आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ गांधीनगर थाने में चोरी, मारपीट, अवैध हथियार रखने, आबकारी अधिनियम के उल्लंघन सहित 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि उसकी गतिविधियों पर लंबे समय से निगरानी रखी जा रही थी।
पुलिस कार्रवाई के तहत अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।









