शिमला, 26 जून।
शिमला पुलिस ने फरार और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब आठ वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित था।
पुलिस के अनुसार पीओ डिटेक्शन सेल, रोहड़ू उपमंडल की टीम ने कार्रवाई करते हुए दलीप सिंह ठाकुर (57) को रोहड़ू बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी रोहड़ू के कंसाकोटी का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
जांच के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 में लगभग 90 हजार रुपये से जुड़े मामले में एनआई एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान वह लगातार न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ और फरार रहा।
पुलिस ने बताया कि न्यायालय ने 7 सितंबर 2018 को आरोपी को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद से उसकी तलाश लगातार जारी थी। अभियान के दौरान पुलिस ने उसका पता लगाकर उसे रोहड़ू बाजार से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी), जुब्बल की अदालत में पेश किया जा रहा है।








