सारण, 26 जून।
सारण पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मढ़ौरा और खैरा थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा केंद्रों पर छापेमारी की। इस दौरान सात नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) के निर्देश पर वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के मार्गदर्शन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और महिला थाना की संयुक्त टीम ने की। छापेमारी के दौरान कथित रूप से प्रताड़ित कर नृत्य कराने के चंगुल से सात पीड़ित लड़कियों का रेस्क्यू किया गया।
मुक्त कराई गई लड़कियों में पांच पश्चिम बंगाल, एक बिहार और एक ओडिशा की रहने वाली हैं। पुलिस ने मौके से नगरा निवासी मोहताब हुसैन को गिरफ्तार किया है। इस अभियान में दिल्ली की रेस्क्यू फाउंडेशन और जांच टीम ने भी सहयोग किया।
इस मामले में महिला थाना में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, बंधुआ मजदूर अधिनियम और आईटीपीए एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सारण पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई महिलाओं के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे आवाज दो अभियान के अंतर्गत की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानव तस्करी या महिलाओं के शोषण से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए हेल्पलाइन पर संपर्क कर प्रशासन का सहयोग करें।









