भोपाल, 26 जून।
राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई में मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक अपनी अलग-अलग समस्याएं लेकर पहुंचे। मंत्री परमार ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुना। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निराकरण कराया गया। अन्य मामलों को आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के पास भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यकर्ताओं से चर्चा के दौरान इंदर सिंह परमार ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी और पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द राहत उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।









