मीरजापुर, 26 जून।
मीरजापुर जिले के पड़री थाना अंतर्गत कोहरा की देवरी गांव में शुक्रवार तड़के एक 22 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका पाया गया। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई है, जिसकी असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को सुबह लगभग पांच बजे प्राप्त हुई। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह अपनी टीम और फील्ड यूनिट के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक अपने भाइयों में सबसे छोटा था। वर्तमान में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिसके लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही घटना की विस्तृत स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस द्वारा मामले में विधिक कार्यवाही जारी है।









