अपराध
26 Jun, 2026

बंद घर का ताला तोड़ 10 लाख की चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच

नवादा के परनपुर गांव में बंद घर से करीब 10 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने वैज्ञानिक जांच शुरू कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है।

नवादा, 26 जून।

नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र स्थित परनपुर गांव में बंद पड़े एक घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है।

गृहस्वामी चंदन कुमार ने बताया कि चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और अंदर रखी अलमारी, गोदरेज, बक्सों तथा पेटियों के ताले तोड़कर कीमती सामान और जेवरात लेकर फरार हो गए। उनके अनुसार चोरी से लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

चंदन कुमार ने बताया कि वह परिवार के साथ झारखंड के रामगढ़ जिले के कुज्जू में नौकरी करते हैं। परिवार के अधिकांश सदस्य भी रोजगार के कारण बाहर रहते हैं। पिता की तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए अपने साथ रामगढ़ ले जाया गया था। करीब एक माह पहले पारिवारिक कारणों से सभी गांव आए थे, लेकिन बाद में वापस अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौट गए।

उन्होंने बताया कि घर की देखरेख की जिम्मेदारी गांव के गंगा राम को सौंपी गई थी। वह दिन में घर की निगरानी करते थे, लेकिन बिजली नहीं रहने के कारण रात में अपने घर चले जाते थे। शुक्रवार सुबह गंगा राम ने फोन कर चोरी की सूचना दी। इसके बाद भेजे गए वीडियो में घर के भीतर हर कमरे में फैली अव्यवस्था दिखाई दी। चोरों ने किचन से लेकर बेडरूम तक के दरवाजे तोड़ दिए और अलमारी, गोदरेज तथा बक्सों के ताले तोड़कर कीमती सामान समेट लिया।

गृहस्वामी ने यह भी आरोप लगाया कि घर में लंबे समय से बिजली समस्या बनी हुई थी। उनका कहना है कि एक जून 2026 को रजौली विद्युत विभाग के कनीय अभियंता और सहायक अभियंता को लिखित आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनके अनुसार यदि घर में बिजली रहती तो रात के समय निगरानी संभव होती और संभवतः यह चोरी नहीं होती।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम के अधिकारी हिमांशु पटेल और सिपाही अस्तूरण देवी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और मामले की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।

|
आज का राशिफल

व्यर्थ की भाग-दौड़ से बचा जाए तो अच्छा है। दुर्लभ स्वप्न साकार होंगे। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंग। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़