हरिद्वार, 26 जून।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जूमा ने शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी और परिजनों के साथ तीर्थनगरी हरिद्वार स्थित श्री दक्षिण काली मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर के परमाध्यक्ष एवं निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
मंदिर पहुंचने पर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने जैकब जूमा का मां की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2029 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले चुनाव में सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद भी दिया।
स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि धर्मसत्ता के मार्गदर्शन से ही राजसत्ता को मानव कल्याण और विकास की दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि जैकब जूमा सनातन संस्कृति और संत परंपरा के प्रति सम्मान का भाव रखते हैं तथा दक्षिण अफ्रीका के विकास और वहां के नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मां दक्षिण काली की कृपा से जैकब जूमा को आगामी चुनाव में सफलता मिलेगी और उन्हें जनकल्याण के कार्यों में नेतृत्व करने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर स्वामी कैलाशानंद गिरी के शिष्य स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने भी उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में अजय गुप्ता, आचार्य पवनदत्त मिश्र, अनिल गोयल सहित कई श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









