भोपाल, 26 जून।
मध्यप्रदेश पुलिस की पुलिस सैलरी पैकेज योजना कठिन समय में पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए भरोसेमंद आर्थिक संबल साबित हो रही है। इसी योजना के तहत 35वीं वाहिनी मंडला में पदस्थ दिवंगत कार्यवाहक प्रधान आरक्षक मुकेश बंसकार के नामांकित परिजन को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से एक करोड़ रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार, 35वीं वाहिनी मंडला में कार्यरत कार्यवाहक प्रधान आरक्षक मुकेश बंसकार का सर्पदंश के कारण निधन हो गया था। उनका वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक की पुलिस सैलरी पैकेज योजना से जुड़ा होने के कारण उनकी नामांकित उत्तराधिकारी पत्नी रजनी बंसकार को दुर्घटनावश मृत्यु बीमा के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
35वीं वाहिनी मंडला के सेनानी राजेश रघुवंशी ने दिवंगत पुलिसकर्मी के परिजनों को सहायता राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर योजना के माध्यम से पुलिस परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही आर्थिक सुरक्षा और कल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई।
मध्यप्रदेश पुलिस अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पुलिस वेतन पैकेज खाते के जरिए कई वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत आकस्मिक मृत्यु पर एक करोड़ रुपये का बीमा कवर, होम लोन पर विशेष ब्याज दरों का लाभ, नि:शुल्क डेबिट कार्ड और बीमा सुरक्षा जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जिससे पुलिस परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सहयोग मिल सके।









