अपराध
26 Jun, 2026

दिल्ली में गमगीन माहौल में निकले ताजिए, मोहर्रम पर उमड़ी अकीदत

राजधानी दिल्ली में मोहर्रम के अवसर पर ताजिया जुलूस और मातमी कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुए।

नई दिल्ली, 26 जून।

राजधानी दिल्ली में मोहर्रम (यौम-ए-आशूरा) का पर्व शुक्रवार को गहरी श्रद्धा और गमगीन माहौल के बीच मनाया गया। सुबह से पुरानी दिल्ली समेत शहर के विभिन्न मुस्लिम बहुल इलाकों में ताजिया जुलूस और मातमी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए जुलूसों में भाग लिया।

पुरानी दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों से निकले ताजिए निर्धारित मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक जामा मस्जिद पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने जुमा की नमाज अदा की। इसके बाद जुलूस चावड़ी बाजार, हौज काजी, अजमेरी गेट, पहाड़गंज, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, कनॉट प्लेस, संसद मार्ग, रेल भवन, निर्माण भवन और मोती बाग से गुजरते हुए सफदरजंग स्थित कर्बला जोर बाग पहुंचकर संपन्न हुए।

राजधानी का सबसे पुराना ताजिया जुलूस दरगाह हजरत निजामुद्दीन से निकाला गया। परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी बादशाह तैमूर लंग से जुड़ा ऐतिहासिक लकड़ी का ताजिया श्रद्धा और सम्मान के साथ निकाला गया, जो विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद कर्बला जोर बाग पहुंचकर समाप्त हुआ।

पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क, सीलमपुर, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, करावल नगर, वेलकम, शाहदरा, नंद नगरी और सुंदर नगरी सहित कई इलाकों में भी मातमी जुलूस निकाले गए। वहीं लक्ष्मी नगर, झील, खुरेजी, शकरपुर, त्रिलोकपुरी, मयूर विहार, कल्याणपुरी, सराय काले खां, ओखला, जामिया नगर, बटला हाउस, तुगलकाबाद, गोविंदपुरी, संगम विहार, हमदर्द, तिगड़ी, मदनगीर, डॉ. अंबेडकर नगर, हौजरानी और महरौली में भी बड़ी संख्या में लोग धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए।

शिया समुदाय की ओर से दरगाह शाह-ए-मरदां और कश्मीरी गेट स्थित दरगाह पंजा शरीफ में मजलिस आयोजित की गई। इस दौरान हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की कुर्बानी को याद करते हुए मातम किया गया।

बाहरी दिल्ली के मुस्लिम बहुल गांवों और बस्तियों में भी मोहर्रम के अवसर पर ताजियों के जुलूस निकाले गए। कई स्थानों पर अकीदतमंदों के लिए शरबत, ठंडा पानी, फल और अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई। पूरे दिन राजधानी में धार्मिक आस्था, अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण के बीच मोहर्रम के कार्यक्रम संपन्न हुए।

|
आज का राशिफल

व्यर्थ की भाग-दौड़ से बचा जाए तो अच्छा है। दुर्लभ स्वप्न साकार होंगे। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंग। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़