कोलकाता, 26 जून।
पश्चिम बंगाल की शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चुना गया है। उन्हें अमेरिकन मल्टी एथेनिक कमिशन (एएमईसी) की ओर से आयोजित 15वें वार्षिक एएमईसी कांग्रेसनल ग्लोबल चैंपियन गाला-2026 में ग्लोबल वूमेन ऑफ इंपैक्ट अवार्ड के लिए नामित किया गया है।
शुक्रवार को एएमईसी के प्रतिनिधि विजय प्रभाकर ने उन्हें समारोह का आधिकारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। यह सम्मान समारोह 25 जुलाई 2026 को अमेरिका के शिकागो में आयोजित किया जाएगा, जहां विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वैश्विक व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।
नामांकन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि समाज के लिए किए गए कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान भी है। उन्होंने आयोजन संस्था के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सम्मान भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के लिए किए गए कार्यों को वैश्विक मंच पर पहचान मिलना गर्व की बात है। उनके अनुसार, यह सम्मान आगे भी लोगों के हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का उत्साह बढ़ाएगा।
गौरतलब है कि एएमईसी कांग्रेसनल ग्लोबल चैंपियन गाला में हर वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष आयोजित होने वाले समारोह में अग्निमित्रा पाल की उपस्थिति भी प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहने की संभावना है।









