सक्ती, 26 जून।
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक 25 वर्षीय युवती की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान (25) के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से पंजाब की स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचे। उनमें से एक घर के भीतर गया और पूर्णिमा के बारे में पूछताछ की। जैसे ही वह बाहर आई, आरोपित ने उस पर लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ी। वारदात के बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग बाहर पहुंचे तो पूर्णिमा खून से लथपथ हालत में मिली। तुरंत डायल-112 और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपितों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और फोरेंसिक टीम की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से जांच चल रही है। आरोपितों की पहचान के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में भय का माहौल है।









