मध्य प्रदेश
26 Jun, 2026

कुकरू में रात्रि चौपाल करेंगे मुख्यमंत्री, ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिवसीय बैतूल दौरे पर कुकरू में रात्रि चौपाल, मेडिटेशन, पौधरोपण, कॉफी प्लांटेशन निरीक्षण और ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

भोपाल, 26 जून।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार से बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्राम पंचायत कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे तथा विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का अवलोकन करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार शाम 6:30 बजे कुकरू के सनसेट पॉइंट का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे ग्राम पंचायत कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे। रात्रि चौपाल के पश्चात मुख्यमंत्री स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

रविवार सुबह मुख्यमंत्री कुकरू के सनराइज एवं बुच प्वाइंट पर मेडिटेशन करेंगे। इसके बाद वे स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों का निरीक्षण करेंगे और उनके कार्यों की जानकारी लेंगे। सुबह 7:30 बजे पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री कॉफी प्लांटेशन का भी निरीक्षण करेंगे।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे तथा सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे वे कुकरू रेस्ट हाउस से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 12:10 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को कमिश्नर श्रीकांत बनोठ, आईजी मिथलेश कुमार शुक्ल, डीआईजी वीरेंद्र कुमार सिंह, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और एसपी वीरेंद्र जैन ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड, रात्रि चौपाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल, मेडिटेशन स्थल, महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों तथा ‘मन की बात’ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनसंवाद को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

|
आज का राशिफल

व्यर्थ की भाग-दौड़ से बचा जाए तो अच्छा है। दुर्लभ स्वप्न साकार होंगे। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंग। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़