शामली, 26 जून।
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शुक्रवार तड़के कांधला थाना पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश की गोली लगने से एक दरोगा घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक पर 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह कैराना थाने का हिस्ट्रीशीटर था।
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब तीन बजे हाथी करौदा गांव निवासी नरेंद्र अपने भाई नरेशपाल के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम जलालपुर स्थित खेतों में पानी लगाने जा रहे थे। इसी दौरान जलालपुर कट मुजफ्फरनगर हाईवे पर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनसे मोटरसाइकिल की चाबी, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और 180 रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद थाना आदर्श मंडी और थाना कांधला पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान खन्द्रावली पुलिया के पास ट्यूबवेल पर बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने कार्बाइन से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे उपनिरीक्षक दीपचंद घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे और खड़ी फसल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने उसकी पहचान आलकला कस्बा निवासी महताब के रूप में की है। उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 180 रुपये नकद, मोटरसाइकिल की चाबी, घटना में प्रयुक्त बाइक, कार्बाइन, सात जिंदा कारतूस और आठ खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार महताब ने एक मार्च को शामली क्षेत्र के ग्राम लिसाढ़ के जंगल में थानाभवन शुगर मिल के सहायक प्रबंधक से मोबाइल और पांच हजार रुपये की लूट की थी। हरियाणा पुलिस की महिला आरक्षी से आभूषण लूटने के मामले में भी वह वांछित था। उसके खिलाफ शामली और सहारनपुर में लूट, डकैती, हत्या और रंगदारी समेत कुल 33 मुकदमे दर्ज थे। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार बदमाश की तलाश के लिए कॉम्बिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।









