नई दिल्ली, 26 जून।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली और ट्रांस-यमुना क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराध सिंडिकेट के सरगना शबीर चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वह अप्रैल 2025 से मकोका के एक मामले में फरार था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, जमीन कब्जाने समेत 14 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस मामले में उसके गिरोह के नौ सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर 14 जून को हरियाणा के शंभू बॉर्डर से शबीर चौधरी को दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे दिल्ली लाया गया। उसके कब्जे से एक एक्सयूवी-700 कार और एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
जांच में सामने आया है कि शबीर चौधरी, शबीर चौधरी-हाशिम बाबा-अनवर चाचा संगठित अपराध सिंडिकेट का सरगना है। गिरोह ट्रांस-यमुना और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर, भजनपुरा, मौजपुर, शाहदरा समेत उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य रंगदारी, हत्या, हत्या के प्रयास और जमीन कब्जाने जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। जांच में यह भी पता चला कि गिरोह का नेटवर्क नेपाल और दुबई से भी संचालित किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार शबीर चौधरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। उसने वर्ष 1990 के दशक के मध्य में सीलमपुर निवासी हाजी अफजाल के साथ अपराध की दुनिया में कदम रखा था। वर्ष 2008 में अपने भाई शमीम अहमद की हत्या के बाद उसने आपराधिक गतिविधियां और तेज कर दीं। जेल में रहने के दौरान उसकी मुलाकात हाशिम बाबा और अनवर खान उर्फ चाचा से हुई, जिसके बाद उसने संगठित अपराध सिंडिकेट तैयार किया। वह पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और उसके खिलाफ पहले से एक मकोका का मामला भी दर्ज है। वर्तमान में वह वर्ष 2024 के मकोका केस और भजनपुरा थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में अदालत से जारी गैर-जमानती वारंट में भी वांछित था।
स्पेशल सेल ने जनवरी 2026 में गिरोह के शार्प शूटर सोहेल उर्फ आलम उर्फ तोहीद को एक पिस्टल और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं दिसंबर 2025 में गिरोह से जुड़े जासिम उर्फ आलू और जहांगीर उर्फ इक्का को चार पिस्टल और 14 जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार गिरोह के प्रमुख सदस्य हाशिम बाबा, अनवर खान उर्फ चाचा, जोया खान, समीर उर्फ बाबा, सलीम अहमद उर्फ सलीम पिस्टल, हर्ष पाल सिंह उर्फ रूबल और इल्लियास पहले से मकोका मामले में जेल में बंद हैं। अब पुलिस गिरोह के वित्तीय नेटवर्क और अन्य फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।









