भोपाल, 26 जून।
राजधानी के चंदनपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह टाइगर मूवमेंट से दहशत का माहौल बन गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक दंपती का अचानक बाघ से आमना-सामना हो गया। महिला के शोर मचाने पर टाइगर झाड़ियों की ओर लौट गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और दोनों सुरक्षित बच निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दंपती रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान एक जंगली जानवर उनकी ओर आता दिखाई दिया। शुरुआत में महिला ने उसे आवारा कुत्ता समझा, लेकिन कुछ ही क्षण बाद स्पष्ट हुआ कि वह टाइगर है। यह देखते ही उन्होंने जोर से आवाज लगाई, जिसके बाद बाघ झाड़ियों की ओर चला गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि झाड़ियों में जाने के बाद टाइगर पास के एक निजी फार्महाउस की बाउंड्री के भीतर चला गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया। अधिकारी लगातार टाइगर की लोकेशन का पता लगाने में जुटे हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार क्षेत्र में लगी सुरक्षा जाली का एक हिस्सा खुला होने के कारण टाइगर के जंगल से रिहायशी इलाके की ओर आने की आशंका है। चंदनपुरा बाघों के प्राकृतिक कॉरिडोर के निकट स्थित है और यहां पहले भी वन्यजीवों की गतिविधियां सामने आती रही हैं।
घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्चिंग अभियान पूरा होने तक जंगल से लगे इलाकों और मॉर्निंग वॉक के लिए इस क्षेत्र में जाने से बचें। साथ ही टाइगर दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है। टाइगर मूवमेंट पर नजर रखने के साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।









