नई दिल्ली, 26 जून।
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए छह वीर जवानों के नामों की घोषणा पहली बार की गई है। इन बलिदानी सैनिकों के नाम अब राजधानी के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (नेशनल वॉर मेमोरियल) पर अंकित किए जाएंगे। पिछले साल मई में पहलगाम नरसंहार के बाद पाकिस्तान के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई के दौरान ये जवान शहीद हुए थे।
शहीद होने वाले सैन्य कर्मियों में भारतीय सेना के पांच और वायु सेना का एक जवान शामिल है। इनमें सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, अग्निवीर मुरली नाइक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और भारतीय वायु सेना के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार का नाम शामिल है। इन वीरों की सूची वर्ष 2025 के दौरान हुए अन्य सैन्य अभियानों में प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों के साथ जारी की गई है।
नेशनल वॉर मेमोरियल स्थित 'त्याग चक्र' राष्ट्र के बलिदानी सपूतों को समर्पित है, जहां आजादी के बाद से देश के लिए शहीद हुए हर सैनिक की जानकारी दर्ज की जाती है। 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम हिंदू महिलाओं द्वारा लगाए जाने वाले सिंदूर से प्रेरित था, जो उस आतंकी हमले में विधवा हुई महिलाओं के प्रति प्रतिशोध का प्रतीक था।
गौरतलब है कि सात मई को भारत ने पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर स्ट्राइक की थी। इस जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच चार दिनों तक संघर्ष चला था, जो 10 मई को समाप्त हुआ।









