राजनीति
26 Jun, 2026

लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं, स्पेशल ट्रेन से कराएंगे तीर्थ दर्शन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में विशेष तीर्थ ट्रेन, मुफ्त इलाज, एयर एंबुलेंस सहित कई नई सुविधाओं और घोषणाओं का ऐलान किया।

भोपाल, 26 जून।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में लोकतंत्र सेनानियों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि इन सेनानियों ने संविधान और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए कठिन संघर्ष किया, यातनाएं सहीं और अनेक लोगों ने अपने प्राणों का भी बलिदान दिया। उनके इस त्याग का ऋण देश कभी नहीं चुका सकता।

शुक्रवार को **लोकतंत्र सेनानी **

स्मृति दिवस के अवसर पर रवीन्द्र भवन में आयोजित प्रादेशिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और सशक्त लोकतंत्र ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है, जिसने देश को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रतलाम जिले के जावरा निवासी 96 वर्षीय लक्ष्मी नारायण पाटीदार, 95 वर्षीय शांतिलाल संघवी और आपातकाल के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने वाले पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता का शील्ड देकर सम्मान किया। सम्मेलन में आए सभी लोकतंत्र सेनानियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् से हुई। साथ ही आपातकाल पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा मुख्यमंत्री ने चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत लोकतंत्र सेनानियों के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे उन्हें तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। इसके अलावा शासकीय विश्राम गृहों में दो दिन तक ठहरने की सुविधा दी जाएगी। दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों के नाम पर शिलालेख स्थापित किए जाएंगे तथा उनके गांव, कस्बे, नगर या निवास क्षेत्र के सार्वजनिक भवन, पार्क और सड़कों का नाम भी उनके नाम पर रखा जाएगा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि लोकतंत्र सेनानियों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बड़े स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए पीएमश्री एयर एंबुलेंस की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सभी लोकतंत्र सेनानियों को ताम्रपत्र प्रदान किए जाएंगे। सम्मान निधि प्राप्त करने वाले सेनानियों को निवास परिवर्तन की स्थिति में बैंक या शाखा बदलने की सुविधा भी मिलेगी। साथ ही किसी भी सरकारी कार्यालय में उनकी बात को प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, उसी तरह आपातकाल के दौर में लोकतंत्र सेनानियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि यदि उनका संघर्ष नहीं होता तो भारत का लोकतंत्र इतना मजबूत नहीं बन पाता।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और संघर्ष के कारण ही आज सामान्य परिवारों से आने वाले लोगों को भी देश और राज्यों की सेवा करने का अवसर मिल रहा है। भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र है और लोकतंत्र की इस परंपरा को आगे भी मजबूत बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने आपातकाल के दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय भय का वातावरण था और लोगों को बिना कारण जेल भेजा जाता था। उन्होंने बताया कि उनके पिता भी 19 महीने तक जेल में रहे थे। उन्होंने कहा कि उस समय लोकतंत्र सेनानियों पर अनेक अत्याचार हुए और उन्हें राजनीतिक दबाव में झुकाने के प्रयास किए गए।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कैलाश सोनी, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी सहित प्रदेशभर से आए लोकतंत्र सेनानी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

व्यर्थ की भाग-दौड़ से बचा जाए तो अच्छा है। दुर्लभ स्वप्न साकार होंगे। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंग। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़