हरिद्वार, 26 जून।
नगर निगम हरिद्वार भूमि घोटाले की जांच में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक साथ 11 ठिकानों पर छापेमारी की। इस मामले में एक आईएएस अधिकारी समेत कुल 10 आरोपितों के खिलाफ विजिलेंस सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है। छापेमारी की यह कार्रवाई दिल्ली, लखनऊ, देहरादून, ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार स्थित आरोपितों के आवासों व कार्यालयों पर की गई।
विजिलेंस टीम ने छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लिया है, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस घोटाले में पहले ही पूर्व जिलाधिकारी हरिद्वार के खिलाफ वृहद दंड और तत्कालीन नगर आयुक्त आईएएस वरुण चौधरी को सेवा से बर्खास्त करने की संस्तुति की जा चुकी है। अब कानूनी रूप से मुकदमा दर्ज होने के बाद विजिलेंस साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में पूरी तरह जुट गई है।
अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए दस्तावेजों की गहन पड़ताल के आधार पर भविष्य की कार्रवाई तय की जाएगी। जांच के दौरान यदि अन्य किसी की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी विधिक कार्यवाही की जाएगी। विजिलेंस की इस व्यापक छापेमारी से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच अभी जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही इसमें और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।








