मध्य प्रदेश
26 Jun, 2026

लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने किया सम्मान, देखी आपातकाल प्रदर्शनी

भोपाल में आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया और आपातकाल प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके योगदान को नमन किया।

भोपाल, 26 जून।

राजधानी भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में शुक्रवार को लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन का आयोजन हुआ। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले मीसाबंदियों के अखिल भारतीय संगठन लोकतंत्र सेनानी संघ, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब दो हजार लोकतंत्र सेनानी और उनके परिजन शामिल हुए।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्यभारत प्रांत संघचालक अशोक पांडेय, भाजपा के मध्य प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कैलाश सोनी, प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए योगदान देने वाले वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानियों का शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, 95 वर्षीय वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी शांतिलाल संघवी और 95 वर्षीय वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी लक्ष्मीनारायण पाटीदार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आपातकाल प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में वर्ष 1975 के आपातकाल के समय लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगे प्रतिबंध, मीसाबंदियों के संघर्ष, जेल जीवन और उस दौर से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों व छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन करते हुए लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री कृष्णा गौर, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया और विधायक रामेश्वर शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि आपातकाल के दौर में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सेनानियों का संघर्ष और बलिदान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण साबित हुआ। उन्होंने नई पीढ़ी से संवैधानिक अधिकारों, नागरिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान भी किया।

सम्मेलन के दौरान लोकतंत्र सेनानी और उनके परिजनों ने अपने अनुभव साझा किए तथा लोकतंत्र की मजबूती और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे सेनानियों की उपस्थिति और सम्मान समारोह का भावनात्मक वातावरण कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बना रहा।

|
आज का राशिफल

व्यर्थ की भाग-दौड़ से बचा जाए तो अच्छा है। दुर्लभ स्वप्न साकार होंगे। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंग। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़