अपराध
26 Jun, 2026

पुरानी रंजिश में युवक की पिटाई, इलाज के दौरान मौत

फर्रुखाबाद में पुरानी रंजिश के चलते युवक की कथित पिटाई के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस जांच शुरू कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है।

फर्रुखाबाद, 26 जून।

फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित उजरामऊ गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की कानपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार 18 जून की रात रामवीर प्रताप सिंह उर्फ सोनू (35) गांव निवासी बादल के घर पर मौजूद था, जहां वह काम करता था। इसी दौरान गांव का रहने वाला सौरभ अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा।

आरोप है कि विवाद के दौरान रामवीर को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया। विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ लात-घूंसों और ईंटों से मारपीट की। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल को बचाया। गंभीर हालत में पहले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे कानपुर के हैलेट अस्पताल भेजा गया, जहां 26 जून की सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कानपुर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। घटना के बाद गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है।

राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई उदय प्रताप सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच की जा रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उनकी तलाश जारी है।

|
आज का राशिफल

व्यर्थ की भाग-दौड़ से बचा जाए तो अच्छा है। दुर्लभ स्वप्न साकार होंगे। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंग। शुभांक-2-4-6

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़