किशनगंज, 26 जून।
किशनगंज में दहेज प्रताड़ना के मामले में महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान कोचाधामन थाना क्षेत्र के झांटिबाड़ी निवासी मोहम्मद दिलशाद आलम के रूप में हुई है। उस पर पत्नी को दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा घर से निकाल देने का आरोप है। आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पीड़िता खुशतबी बेगम की ओर से महिला थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर की गई। 13 मार्च को दर्ज शिकायत में महिला ने पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे।
प्राथमिकी के अनुसार खुशतबी बेगम की शादी करीब नौ वर्ष पहले मुस्लिम रीति-रिवाज से मोहम्मद दिलशाद आलम के साथ हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष की ओर से सोने-चांदी के आभूषण, बाइक, फर्नीचर सहित अन्य सामान उपहार स्वरूप दिया गया था। इसके बावजूद विवाह के बाद से ही कथित रूप से दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद पति और ससुराल पक्ष ने दो लाख रुपये नकद, दो भर सोना और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने का प्रयास भी किया गया। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से वह बच गईं। इसके बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह मायके में रहने लगीं और महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान आरोपित पति को गिरफ्तार किया गया है। मामले में दर्ज अन्य आरोपों की पुलिस जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









