कूचबिहार, 26 जून।
कूचबिहार के चेंगड़ाबांधा चेकपोस्ट पर मेखलीगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान रणबीर शिकारी निवासी सिलीगुड़ी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह नाका चेकिंग के दौरान कूचबिहार से सिलीगुड़ी जा रहे एक चार पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई। इसी दौरान चालक रणबीर शिकारी वाहन छोड़कर पास के एक तालाब में कूदकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान वाहन में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों से 37 पैकेट में छिपाकर रखा गया करीब 57.65 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई के दौरान मेखलीगंज के बीडीओ सह कार्यकारी मजिस्ट्रेट नरेशराज राय और थाना प्रभारी मोहम्मद शाहबाज सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपित एक पेशेवर गांजा तस्कर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिलीगुड़ी से इस गांजे की अन्य स्थानों पर आपूर्ति की जानी थी। आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे तस्करी गिरोह की जानकारी जुटाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।









