जौनपुर, 26 जून।
जौनपुर के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि उनके पिता इस दुर्घटना में घायल हो गए। मृतक की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव निवासी सरसिज पांडेय के रूप में हुई है, जो मुंबई में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।
घटना के अनुसार, सरसिज अपने पिता केशमणि पांडेय के साथ बाइक से सुजानगंज से वापस अपने घर लौट रहे थे। मछलीशहर-सुजानगंज मार्ग पर मतरी बाजार के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से सरसिज की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार का इकलौता सहारा और होनहार युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जा सके। इस दुर्घटना के बाद से गांव में शोक की लहर व्याप्त है।








