जोधपुर, 26 जून।
जोधपुर के माता का थान थाना क्षेत्र में एक वृद्धा के गले से कंठी लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब लूटी गई कंठी की बरामदगी और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार भदवासिया लिंक रोड स्थित विद्या नगर चार मंदिर के पास रहने वाली वृद्धा पेपादेवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रविवार शाम वह अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा किसी व्यक्ति का पता पूछने के बहाने उनके पास आया।
बातचीत के दौरान आरोपित ने अचानक वृद्धा के गले पर झपट्टा मारकर कंठी लूट ली और तुरंत बाइक पर बैठे अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रतापनगर स्थित संजय सी कॉलोनी निवासी सलमान उर्फ सोनू तथा सोजती गेट निवासी, हाल चांदणा भाखर देवी रोड निवासी मो. अयान खिलजी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। अधिकारियों के अनुसार लूटी गई कंठी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों किसी अन्य लूट की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।









