नई दिल्ली, 26 जून।
वेनेज़ुएला में आए भीषण भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए भारत ने ऑपरेशन अमिस्ताद शुरू किया है। यह मानवीय सहायता एवं आपदा राहत मिशन वेनेज़ुएला के लोगों के प्रति एकजुटता और सहयोग की भावना के तहत शुरू किया गया है।
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इस अभियान के तहत भारतीय वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमान शुक्रवार सुबह वेनेज़ुएला के लिए रवाना हुए। इन विमानों में राहत सामग्री के साथ 41 सदस्यीय बचाव दल भी भेजा गया है, जो वहां चल रहे राहत और बचाव कार्यों में स्थानीय प्रशासन की सहायता करेगा।
राहत सामग्री में आत्मनिर्भर भारतीय चिकित्सा दल, भारतीय सेना की फील्ड हॉस्पिटल इकाई, एचएडीआर पैलेट, दवाइयां, लगभग 30 टन राहत सामग्री, 6 टन दवाइयां एवं चिकित्सा उपकरण तथा दो भीष्म क्यूब पोर्टेबल अस्पताल शामिल हैं।
41 सदस्यीय बचाव दल में अनुभवी राहतकर्मी और चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हैं। यह दल वेनेज़ुएला के अधिकारियों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और प्रभावित क्षेत्रों में मानवीय सहायता कार्यों में भागीदारी करेगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस कठिन समय में भारत, वेनेज़ुएला की सरकार और वहां के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है। भारत ने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत वेनेज़ुएला सरकार के साथ लगातार संपर्क में है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।









