धर्मशाला, 26 जून।
जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पंजाब के दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5.97 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ गगल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार गगल थाना की टीम गश्त और यातायात जांच पर तैनात थी। इसी दौरान कुठमा (गगल) के पास चेकिंग के दौरान पंजाब नंबर की एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक पर सवार दोनों व्यक्तियों के कब्जे से 5.97 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरपाल सिंह (34) पुत्र आत्मा सिंह निवासी गांव चौड़ा वाजवा, डाकघर एवं तहसील डेरा बाबा नानक, जिला गुरदासपुर (पंजाब) तथा जसपाल सिंह (34) निवासी गांव चौड़ा वाजवा, डाकघर एवं तहसील डेरा बाबा नानक, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ गगल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









