जयपुर, 26 जून।
जयपुर ग्रामीण पुलिस ने सामोद थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 222.48 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब उससे मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम अमरपुरा निवासी सुरेश कुमार (37) को कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया। तलाशी के समय उसके मकान के पीछे बने कमरे से 13 प्लास्टिक के कट्टों में भरा 222.48 किलोग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ। मौके से मादक पदार्थ की तौल में इस्तेमाल किया जाने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित बरामद डोडा पोस्त रखने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस जांच के दौरान अब यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी हेमराज सिंह, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और सुभाषचंद्र, कांस्टेबल बाबूलाल, रामनारायण, मोहन सिंह तथा महिला कांस्टेबल मोनिका कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









