मुंबई, 27 जून।
अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार दस्तक दी है। फिल्म का पहले दिन का घरेलू कारोबार 15 करोड़ रहा। पेड प्रिव्यू के 3.75 करोड़ जोड़ने पर कुल कमाई 18.75 करोड़ तक पहुंच गई है।
इस ओपनिंग ने 'भूत बंगला' और पिछली वेलकम फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, यह फिल्म 'हाउसफुल 5' की 24 करोड़ वाली शानदार शुरुआत को नहीं छू सकी।
अहमद खान के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म में अक्षय कुमार डबल रोल निभा रहे हैं। उनके साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी और राजपाल यादव जैसे सितारों का जमावड़ा है।
दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया के बाद भी मनोरंजन और हंसी-मजाक के दम पर फिल्म को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
फिल्म की सबसे बड़ी खूबी अक्षय, सुनील और परेश रावल की पुरानी तिकड़ी है, जो 'हेरा फेरी' की याद ताजा करती है। इन सितारों की कॉमिक टाइमिंग और केमिस्ट्री ने इसे मनोरंजक बनाया है। अब सभी की निगाहें वीकेंड के आंकड़ों पर टिकी हैं।









