वडोदरा, 28 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' के दौरान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रही उल्लेखनीय प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जून का महीना देश के लिए गौरवशाली रहा है, क्योंकि इस दौरान भारत में बने सी-295 विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान भरी है।
यह उपलब्धि देश के एयरोस्पेस और एमएसएमई क्षेत्रों के लिए विकास के नए द्वार खोलेगी। वडोदरा स्थित टाटा की इकाई से निर्मित इस विमान की ऐतिहासिक उड़ान ने रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताओं का लोहा मनवाया है।
यह पहली बार है जब निजी क्षेत्र द्वारा देश में किसी सैन्य विमान का निर्माण किया गया है। यह उड़ान कुल 40 विमानों के निर्माण की प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है।
वर्ष 2021 में भारत ने भारतीय वायुसेना के पुराने पड़ चुके एवरो बेड़े को बदलने के लिए 56 सी-295 विमानों का सौदा किया था। इस करार की कीमत लगभग 21,935 करोड़ रुपये यानी करीब 2.6 अरब डॉलर है।
इस समझौते के तहत, शुरुआत के 16 विमानों को स्पेन के सेविले में एयरबस द्वारा तैयार किया गया था। अब शेष 40 विमानों का निर्माण पूरी तरह से टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और एयरबस की साझेदारी में वडोदरा में किया जा रहा है।









