नई दिल्ली, 29 जून।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून का इंतजार अब लंबा नहीं होगा। मौसम विभाग ने आज गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। उम्मीद है कि अगले पांच-छह दिनों में मानसून दिल्ली तक पहुंच जाएगा।
रविवार का दिन दिल्ली में पिछले दो वर्षों का सबसे गर्म दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उमस के कारण लोगों को गर्मी का अहसास 50.7 डिग्री तक हुआ।
पूर्वोत्तर भारत में कुदरत का कहर जारी है। अरुणाचल प्रदेश के केयी पेनयोर में अचानक आई बाढ़ से तीन लोगों की मौत हो गई है। राज्य के 10 जिले बुरी तरह प्रभावित हैं और राहत कार्य जोरों पर है।
सिक्किम में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जोंगू में बेली ब्रिज बह जाने से संपर्क टूट गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 4 जुलाई तक बरसात का दौर जारी रहने का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में 2 जुलाई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड में भी अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर वर्षा होने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।












