विक्टोरिया, 29 जून।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेशेल्स की आजादी की 50वीं वर्षगांठ के मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विक्टोरिया में आयोजित इस राष्ट्रीय दिवस समारोह में वे 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के रूप में शामिल हुए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर सेशेल्स की जनता को स्वतंत्रता की बधाई दी और कहा कि इस ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती समारोह में सम्मिलित होना उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने पिछले 50 वर्षों की सेशेल्स की विकास यात्रा की जमकर सराहना की।

भारत और सेशेल्स के संबंधों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत इस देश की प्रगति में एक विश्वसनीय साझेदार बना रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच के गहरे आपसी संबंध और साझा मूल्य भविष्य में और अधिक मजबूत होंगे।
इस भव्य परेड में भारतीय सेना और भारतीय नौसेना की मार्चिंग टुकड़ियों ने भी अपनी भागीदारी निभाई। भारतीय नौसेना का बैंड इस मार्चिंग यूनिट का विशेष आकर्षण रहा, जो दोनों देशों की प्रगाढ़ मित्रता का प्रतीक है।
इस मौके की गरिमा बढ़ाने के लिए आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक को पोर्ट विक्टोरिया में तैनात किया गया। इन जहाजों की मौजूदगी भारत और सेशेल्स के बीच सदियों पुरानी और गहरी दोस्ती को प्रदर्शित करती है।










