विक्टोरिया, 29 जून।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेशेल्स में मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से भेंट की। दोनों नेताओं ने भारत और मॉरीशस के बीच चल रहे आपसी सहयोग की समीक्षा की और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की।
इस बैठक के दौरान भारत द्वारा मॉरीशस को दिए गए विशेष आर्थिक पैकेज के कार्यान्वयन की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।
उन्होंने कहा कि मौजूदा द्विपक्षीय परियोजनाएं मॉरीशस के स्वास्थ्य, संपर्क, सतत विकास और ब्लू इकोनॉमी को नई दिशा देंगी। इन विकास कार्यों से दोनों देशों के संबंधों में और अधिक मजबूती आएगी।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति और विजन 'महासागर' के तहत भारत-मॉरीशस रणनीतिक साझेदारी के महत्व पर सहमति जताई। उन्होंने ग्लोबल साउथ के प्रति अपनी साझा जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।









