भुवनेश्वर, 30 जून।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने मंगलवार को 'हूल दिवस' के मौके पर जनजातीय समुदाय के गौरव, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक रहे अमर बलिदानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इन महानायकों के प्रति नमन करते हुए उनके अदम्य जज्बे को याद किया।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश के जरिए उन्होंने कहा कि हूल दिवस देश के जनजातीय समाज के साहस, स्वाभिमान और आजादी की लड़ाई में उनके अद्भुत योगदान को याद करने का पावन अवसर है। उन्होंने सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और अपनी संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण के लिए दिए गए उनके समर्पण को देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का पुंज बताया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इन अमर सेनानियों का संघर्ष भारतीय इतिहास की एक अमूल्य धरोहर है, जिसे हर भारतीय हमेशा कृतज्ञता के साथ स्मरण करेगा।



















