कीव, 6 जुलाई।
यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने आज सुबह भीषण बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया। इस घातक हमले में कम से कम 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 46 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, रूस ने इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और ड्रोन्स का एक साथ इस्तेमाल किया। पोडिल्स्की जिले में एक आवासीय इमारत का हिस्सा ढह गया, जिससे भारी तबाही हुई।
इधर, डार्नित्सिया जिले में कई बहुमंजिला इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जहां मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। शहर भर में धमाकों की गूंज सुनाई दी और नागरिक जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों में सुरक्षित ठिकाने तलाशते रहे।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि कम से कम दो जिलों में आग लगने और मलबे से नुकसान की खबरें हैं। हमलों से ठीक पहले पूरे शहर में एयर रेड सायरन बजाए गए थे। गौरतलब है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कल ही एक बड़े हमले की चेतावनी दी थी।



















