कोटा, 08 जुलाई।
पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में मालगाड़ियों के तेज और सुरक्षित संचालन का नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। गंगापुर सिटी-रतलाम रूट पर 8 क्रैक मालगाड़ियों ने 60 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक की औसत गति दर्ज की है।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने डीआरएम कार्यालय में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें बेहतर कार्य करने वाले कुल 34 रेलकर्मियों को 'गतिशीलता पुरस्कार' और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
फरवरी 2026 में इन मालगाड़ियों ने गंगापुर सिटी से नागदा तक का सफर करीब 6 घंटे में पूरा किया। यह उपलब्धि परिचालन विभाग की कुशल प्लानिंग और लोको पायलट सहित अन्य कर्मचारियों के आपसी तालमेल का परिणाम है।
सम्मानित होने वालों में 7 सहायक और 4 मुख्य गाड़ी नियंत्रक शामिल हैं। इसके अलावा 23 अन्य स्टाफ सदस्यों को उनकी जिम्मेदारी बखूबी निभाने के लिए पुरस्कृत किया गया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मंडल का लक्ष्य भविष्य में भी इसी तरह से समयबद्ध और निर्बाध रेल संचालन को बढ़ावा देना है। कोटा रेल मंडल के इस प्रयास से माल ढुलाई की दक्षता में काफी सुधार आया है।
















