भुवनेश्वर, 08 जुलाई।
ओडिशा विजिलेंस ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के आरोपों के चलते केन्द्रापड़ा वन प्रभाग के रेंजर रवीन्द्र कुमार नायक के विरुद्ध एक बड़ा शिकंजा कसा है। विशेष विजिलेंस न्यायाधीश, कटक द्वारा जारी वारंट के बाद विभाग की टीमों ने आज सुबह उनके चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी का सिलसिला शुरू किया है। इस वृहद अभियान की कमान पांच डीएसपी, नौ निरीक्षक और एएसआई स्तर के अधिकारी संभाल रहे हैं, जो पूरी प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।
विजिलेंस की टीमें एक साथ कटक के बारंग स्थित नायक के चार मंजिला आलीशान आवास, बांकी में उनके पुश्तैनी घर, केन्द्रापड़ा वन रेंज कार्यालय स्थित कक्ष और उनके अस्थायी निवास पर दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं। यह कार्रवाई वन अधिकारी द्वारा अर्जित कथित अवैध संपत्तियों का पता लगाने के लिए की जा रही है। मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि तलाशी का काम अभी जारी है और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के उपरांत ही बरामद की गई चल-अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा साझा किया जाएगा। रेंजर के ठिकानों पर अचानक हुई इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, टीम सभी ठिकानों पर मौजूद दस्तावेजों और संपत्तियों का आकलन कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही तय की जाएगी।















