पुणे, 08 जुलाई।
पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित मोर्सी इलाके में एक इमारत के भरभराकर गिरने से हड़कंप मच गया है। हादसे में करीब 15 लोग मलबे में दबे हो सकते हैं, जिन्हें निकालने के लिए बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।
दोपहर के समय हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नगर निगम का अमला हरकत में आया। मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें पहुंच चुकी हैं और मलबे से लोगों को बाहर निकालने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए मदद के लिए नौसेना की एक टीम को भी बुलाया गया है, जो जल्द ही घटनास्थल पर पहुंच जाएगी। बताया जा रहा है कि कचरा डिपो में स्थित इस इमारत में कुल 20 मजदूर काम कर रहे थे।
पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के आयुक्त विजय कुमार सूर्यवंसी ने बताया कि बचाव दल ने अब तक मलबे से पांच लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। अभी भी 15 मजदूर अंदर फंसे हुए हैं, जिन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।















