बीजिंग, 09 जुलाई।
दक्षिणी चीन में तूफान 'मेसाक' ने भीषण बाढ़ और तबाही का मंजर पैदा कर दिया है। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से अब तक 39 लोगों की जान चली गई है, वहीं 9 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
नाननिंग के उप-मेयर डिंग वेई के अनुसार, हेंगझोऊ इलाके में एक जलाशय का बांध आंशिक रूप से ढह गया, जिससे पानी के तेज बहाव में 26 लोगों की मृत्यु हो गई। गुआंग्शी क्षेत्र में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं।
कुछ स्थानों पर 90 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। राहत एवं बचाव कार्य में ड्रोन और 5,700 नावों की मदद ली जा रही है। अब तक 1.30 लाख से अधिक प्रभावितों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया गया है।
गुइगांग में स्कूलों में फंसे 10,000 से ज्यादा छात्र और शिक्षक बचाए गए हैं। बाढ़ का असर वन्यजीवों पर भी पड़ा है, एक चिड़ियाघर से 100 से अधिक जानवर लापता हैं। प्रशासन ने सांपों के खतरे को देखते हुए एंटी-वेनम की व्यवस्था की है।
मौसम विभाग ने एक और शक्तिशाली तूफान 'बावी' की चेतावनी जारी की है, जो जल्द ही तटीय इलाकों से टकरा सकता है। फिलहाल सड़कों की मरम्मत और बिजली बहाली का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।















