राजस्थान
09 Jul, 2026

जयपुर में जीएसटी विभाग का बड़ा एक्शन, 35 करोड़ की कर चोरी का मामला पकड़ा

राजस्थान वाणिज्यिक कर विभाग ने कर चोरी के संदेह में मेहंदी और ब्यूटी उत्पाद बनाने वाली फर्मों के ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों की टैक्स हेराफेरी का भंडाफोड़ किया है।

जयपुर, 09 जुलाई।

राजस्थान में वाणिज्यिक कर विभाग की प्रवर्तन शाखा-तृतीय ने कर चोरी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मैसर्स प्रेम ग्रीन प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी चार अन्य फर्मों के परिसरों पर छापेमारी की है। यह समूह मेहंदी पाउडर, कोन और हेयर कलर जैसे सौंदर्य उत्पादों के निर्माण और व्यापार से जुड़ा है। फर्म मुख्य रूप से सोजत और पाली से कच्चा माल खरीदकर तैयार उत्पादों को देश के विभिन्न राज्यों में भेजती है।

विभाग को खुफिया जानकारी मिली थी कि ये फर्में अपने ही परिवार से संबंधित अन्य इकाइयों के साथ मिलकर बिना माल की वास्तविक आपूर्ति के ही अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ ले रही हैं। इस संदिग्ध लेन-देन से राज्य सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा था। जीएसटी पोर्टल पर किए गए शुरुआती विश्लेषण में पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 35 करोड़ रुपये की कर चोरी का अनुमान लगाया गया है।

कार्यवाही को अंजाम देने के लिए प्रवर्तन शाखा ने पांच विशेष टीमों का गठन किया, जिन्होंने जयपुर और पाली में स्थित फर्म के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। तलाशी के दौरान फर्म की लेखा पुस्तकों और व्यवसाय स्थल पर मौजूद भौतिक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। इस अनियमितता को स्वीकार करते हुए संबंधित व्यवसायी ने तत्काल प्रभाव से 99.62 लाख रुपये की राशि सरकारी खजाने में जमा करा दी है।

विभाग अब इस मामले में गहन छानबीन कर रहा है। जांच का मुख्य केंद्र आगत कर की वैधता, स्टॉक में मिली विसंगतियां और अंतरराज्यीय आपूर्ति के लिए जारी ई-वे बिल व अन्य व्यापारिक दस्तावेजों की प्रमाणिकता है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद कर चोरी के इस बड़े मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़