फाजिल्का, 09 जुलाई।
फाजिल्का पुलिस में उस समय हड़कंप मच गया, जब जलालाबाद क्षेत्र की घुबाया पुलिस चौकी के एक मुंशी को हेरोइन तस्करी के आरोप में दबोचा गया। यह कार्रवाई मुक्तसर साहिब पुलिस की ओर से की गई।
मुक्तसर साहिब पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार की तलाशी ली। कार के भीतर से 280 ग्राम नशीला पदार्थ और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हुई। इस दौरान कार में सवार मुंशी जोगिंदर सिंह की संलिप्तता सामने आने पर उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया है। इस प्रकरण में लापरवाही बरतने और संदिग्ध भूमिका के चलते चौकी इंचार्ज गुरनाम सिंह को भी नामजद किया गया है।
पुलिस विभाग ने मुंशी जोगिंदर सिंह और चौकी इंचार्ज गुरनाम सिंह, दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है।














