बेलगावी, 10 जुलाई।
कर्नाटक के बेलगावी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महत्वपूर्ण अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक का शुक्रवार से आगाज हो गया है। तीन दिनों तक चलने वाली इस बैठक में संघ की भविष्य की योजनाओं पर मंथन किया जाएगा।
इस बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले समेत संघ के शीर्ष पदाधिकारी और सभी 46 प्रांतों के प्रचारक शामिल हो रहे हैं। विविध अनुषांगिक संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
बैठक में संघ के कार्य विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर व्यापक चर्चा होगी। मुख्य रूप से मार्च 2026 के बाद आयोजित प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा और शाखाओं के स्तर पर कार्ययोजना के क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जाएगी।
संघ अपने शताब्दी वर्ष के पड़ाव पर है, जिसे लेकर शाखाओं के विस्तार की गहन समीक्षा की जा रही है। आगामी विजयादशमी तक चलने वाले शताब्दी कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
सरसंघचालक के 2026-27 के प्रवास और भविष्य के संगठनात्मक लक्ष्यों को लेकर भी इस मंथन में रणनीति बनाई जाएगी। देशभर से आए संघ के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न सत्रों के माध्यम से इन विषयों पर विमर्श करेंगे।








.jpg)
