बेंगलुरु, 11 जुलाई।
बेंगलुरु के कोट्टिगेपल्या इलाके में एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। 34 वर्षीय प्रशांत ने अपने ही घर में मां, नानी और मामा की निर्ममता से हत्या कर दी और खुद भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
यह घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई। परिवार के मुखिया चिक्कण्णा जब काम पर गए थे, तब प्रशांत ने धारदार हथियार से पहले अपने मामा सतीश पर हमला किया। चीख-पुकार सुनकर आई अपनी मां मंगलाम्मा और नानी नंजम्मा को भी उसने नहीं बख्शा।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। मृतकों की पहचान मां मंगलाम्मा, नानी नंजम्मा और मामा सतीश के रूप में हुई है। चिक्कण्णा ने बताया कि रात को सब कुछ सामान्य था और उन्हें बेटे के ऐसे व्यवहार का कोई आभास नहीं था।
डीसीपी यतीश ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस के अनुसार, प्रशांत के असामान्य और मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। पुलिस अब वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस जघन्य अपराध के कारणों का पता लगाने में जुटी है।











