चित्तौड़गढ़, 11 जुलाई।
पुलिस महकमे में तबादलों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। उदयपुर रेंज में हुए बड़े फेरबदल के बाद अब चित्तौड़गढ़ जिले में भी प्रशासनिक कसावट की गई है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने देर रात एक लंबी सूची जारी कर जिले के कई थानों की कमान बदल दी है। इस बदलाव में पुलिस निरीक्षक से लेकर उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, रजनीश कुमार को चित्तौड़गढ़ कोतवाली का नया थानाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक कोतवाली संभाल रहे तुलसीराम को गंगरार थाने का प्रभार दिया गया है। इसके अलावा मोतीराम को चंदेरिया से हटाकर यातायात शाखा की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मधु कंवर को साइबर थाने से चंदेरिया थाने का थानाधिकारी बनाया गया है। सूची में प्रेम सिंह को बस्सी, गेहरीलाल को राशमी, श्यामाराम को आकोला, प्रवीण टांक को निंबाहेड़ा कोतवाली, भगवानलाल को बड़ीसादड़ी, भवानी शंकर को मंगलवाड़, ओमसिंह को डूंगला, कमलचंद मीणा को भैंसरोड़गढ़, सुमन कुमार को साइबर थाना, चंपाराम को बेगूं और आशुतोष चारण को पारसोली थाने की जिम्मेदारी मिली है।
उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के तबादलों में भी फेरबदल हुआ है, जिसमें रेणु कुमारी को महिला थाना, सोनाली शर्मा को साड़ास, अक्षय कुमार को भादसोड़ा और उत्तम सिंह को जावदा थाने की कमान सौंपी गई है। गौरतलब है कि रेंज ट्रांसफर सूची में शामिल रहने के बावजूद तुलसीराम और चंपाराम को उनकी कार्यकुशलता के कारण जिले से रिलीव नहीं किया गया था। अब उन्हें बेगूं विधानसभा के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण थानों, गंगरार और बेगूं की जिम्मेदारी देकर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया गया है।









