डूंगरपुर, 11 जुलाई।
जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस महकमे में देर रात बड़ा फेरबदल किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के तहत जिले के 11 महत्वपूर्ण थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है। इस प्रशासनिक बदलाव के माध्यम से थानों के कामकाज को अधिक प्रभावी और चुस्त-दुरुस्त करने का प्रयास किया गया है।
नवीन पदस्थापना के अनुसार, निरीक्षक चंद्रशेखर को धंबोला, मुकेश मेघवाल को साइबर थाना, शिवराज गुर्जर को दोवड़ा, रमेशलाल को चितरी, देवेन्द्र सिंह देवल को बिछीवाड़ा, हिमांशु सिंह को कोतवाली और संगीता बंजारा को सदर थाने का थानाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त शैलेन्द्र सिंह को आसपुर, रतनलाल को चौरासी, तेज सिंह को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विनोद कुमार को अपराध सहायक, नारायणलाल को एचटीयू कार्यालय तथा घनश्याम को साइबर थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
निरीक्षकों के अलावा उप निरीक्षकों की नई सूची में देवेन्द्र सिंह को वरदा, रघुवीर सिंह को कुआं और भरतलाल को निठाउवा के थाने का जिम्मा दिया गया है। साथ ही कान्तिलाल, अमृतलाल, लक्ष्मणलाल सहित अन्य उप निरीक्षकों को विभिन्न थानों और चौकियों पर नई तैनाती दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालनी होगी।
इस व्यापक तबादला सूची के तहत निचले स्तर के पुलिस अमले में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। पुलिस कार्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार, 92 सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई), 75 हेड कांस्टेबल और 98 कांस्टेबलों के सामूहिक स्थानांतरण किए गए हैं। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को बिना देरी किए अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर जाकर कार्यभार ग्रहण करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।








