राजस्थान
11 Jul, 2026

भीलवाड़ा के अस्पताल में प्रसूताओं की मौत से हड़कंप, छह दिन में पांच महिलाओं ने तोड़ा दम

भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में छह दिनों में हुई पांच प्रसूताओं की मौत ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भीलवाड़ा, 11 जुलाई।

प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महात्मा गांधी अस्पताल के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय (एमसीएच) में पिछले छह दिनों के भीतर पांच प्रसूताओं ने दम तोड़ दिया है। इन सभी महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी की गई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और मेडिकल आईसीयू में उपचार के दौरान उनकी दुखद मृत्यु हो गई। शुक्रवार को संगीता जीनगर नामक प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में भारी हंगामा खड़ा कर दिया और चिकित्सकीय लापरवाही के सीधे आरोप लगाए।

सिलसिलेवार मौतों का यह दौर 5 जुलाई से शुरू हुआ, जिसमें शिमला गुर्जर, फोरी देवी, ईशा पांडे और दिव्या ने दम तोड़ दिया। मार्च से अब तक इस अस्पताल में प्रसूताओं की कुल नौ मौतें हो चुकी हैं, जिनमें से पांच मौतें तो केवल इसी जुलाई माह के शुरुआती दिनों में दर्ज की गई हैं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की ढिलाई के कारण ही उनकी अपनों की जान गई है।

अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के पीछे एक बड़ा कारण संसाधनों का अभाव भी माना जा रहा है। एमसीएच में केवल आठ सर्जिकल सेट उपलब्ध हैं, मगर यहां रोज 30 से 40 सिजेरियन ऑपरेशन किए जा रहे हैं। एक सेट को दोबारा इस्तेमाल करने के लिए तीन घंटे की स्टरलाइजेशन प्रक्रिया अनिवार्य है, ऐसे में क्षमता से अधिक ऑपरेशन होने के कारण संक्रमण फैलने का खतरा काफी बढ़ गया है। हाल ही में ऑपरेशन थिएटर की कल्चर रिपोर्ट के पॉजिटिव आने से भी प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

महात्मा गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अधिकतर मरीज गंभीर अवस्था में रेफर होकर आते हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मौतों के पीछे पल्मोनरी एम्बोलिज्म, गंभीर एनीमिया और अन्य प्रसूति संबंधी जटिलताएं कारण रही हैं। इससे पहले कोटा और बीकानेर के सरकारी अस्पतालों में भी प्रसूताओं की मौत के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे अब भीलवाड़ा की घटना ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोलकर रख दी है।

|
आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़