पलामू, 11 जुलाई।
पलामू पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पड़वा और नावाबाजार से कुल 27 नाबालिगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है।
ये बच्चे लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इन्हें बिहार के सासाराम में धान की रोपाई के लिए ले जाया जा रहा था। शुक्रवार रात हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से बिहार के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।
रेस्क्यू किए गए नाबालिगों में लड़कों को बाल गृह और लड़कियों को सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) अब इस पूरे मामले की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।
सीडब्ल्यूसी सदस्य रवि शंकर के अनुसार, बच्चों के साथ उनके परिजन भी मौजूद थे। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।










