इंफाल, 11 जुलाई।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने पिछले 24 घंटों के भीतर चलाए गए विशेष अभियानों में बड़ी कामयाबी हासिल की है। थौबल जिले के वांगबल इलाके से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलए के एक सक्रिय कैडर शैखोम सुनील सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक ऑल्टो कार भी जब्त की गई है।
दूसरी बड़ी कार्रवाई में बिष्णुपुर जिले के मोइरांग क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने एक ऑटोरिक्शा की तलाशी ली। इस दौरान करीब 68 ग्राम हेरोइन के साथ तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान एबेम, हुसैन और मोहम्मद नसीमुल्ला के तौर पर हुई है।
पुलिस ने एक अन्य सफलता के तहत चुराचांदपुर से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मिजोरम के आइजोल पुलिस से मिली गुप्त सूचना के बाद यह बाइक बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि चोरी की बाइक को अवैध तरीके से मणिपुर लाया गया था।
सभी मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पकड़े गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके। सुरक्षा बलों ने पूरे राज्य में सतर्कता बढ़ा दी है।








