महाराष्ट्र
14 Jul, 2026

केतन हत्याकांड: मृतक की मां ने प्रधानमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में मृतक की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भावुक ईमेल भेजकर दोषियों को जल्द सख्त सजा दिलाने और मामले में शीघ्र न्याय की मांग की है।

मुंबई, 14 जुलाई।

पुणे के पास लोनावला स्थित लोहागढ़ किले पर हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में मृतक की मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से न्याय की अपील की है। उन्होंने प्रधानमंत्री को भावुक ईमेल भेजकर मामले में शीघ्र और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अपने ईमेल में राखी अग्रवाल ने लिखा कि उन्होंने कभी यह नहीं सोचा था कि अपने ही बेटे के लिए इंसाफ की गुहार लगाने के लिए उन्हें प्रधानमंत्री को पत्र लिखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हर मां का सपना अपने बेटे को शादी करते, परिवार बसाते और खुशहाल जीवन जीते हुए देखने का होता है, लेकिन उन्हें अपने बेटे का अंतिम संस्कार करना पड़ा।

उन्होंने लिखा कि केतन की हत्या के बाद उनकी पूरी दुनिया बदल गई है। घर का हर कोना, उसका कमरा, उसके कपड़े और तस्वीरें उन्हें हर दिन बेटे की याद दिलाती हैं। ईमेल में उन्होंने यह भी बताया कि बेटे की मौत के कुछ ही दिनों बाद केतन के दादा का भी निधन हो गया, जो अपने पोते की मौत का सदमा सहन नहीं कर सके। उन्होंने लिखा कि उनका परिवार कुछ ही दिनों में दो पीढ़ियों को खो चुका है।

प्रधानमंत्री से की गई अपील में उन्होंने कहा कि वह किसी तरह की सहानुभूति या विशेष कृपा नहीं, बल्कि केवल न्याय चाहती हैं। उनका कहना है कि केतन अब कभी वापस नहीं आएगा, लेकिन उसकी हत्या के जिम्मेदार लोगों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने अनुरोध किया कि इस मामले को केवल एक और केस फाइल बनाकर न छोड़ा जाए। उन्होंने लिखा कि केतन किसी का बेटा, पोता और भाई था, लेकिन उनके लिए वह पूरी दुनिया था। हर रात वह बेटे की तस्वीर देखकर यही प्रार्थना करती हैं कि एक दिन कह सकें, "बेटा, तुझे इंसाफ मिल गया।"

राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि मामले की जांच और सुनवाई में अनावश्यक देरी न हो तथा दोषियों को जल्द से जल्द कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दुखी मां की यह गुहार प्रधानमंत्री तक पहुंचेगी और उनके बेटे को न्याय मिलेगा।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रही बाधा को दूर कर लेंगे। सुविधा और समन्वय बना रहने से कामकाज में प्रगति बन जाएगी। आर्थिक हित के काम को साधने में मदद मिल जाएगी। यात्रा शुभ रहेगी। माता पक्ष से विशेष लाभ। कार्यक्षेत्र में संतोषजनक सफलता मिलेगी। चिंतनीय वातावरण से मुक्ति मिलेगी। शुभांक-2-4-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़