इटानगर, 14 जुलाई।
अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले के पारसी-पारलो सर्कल और दामिन सब-डिविजन में अचानक आई बाढ़ से व्यापक नुकसान हुआ है। इस आपदा के कारण यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक ढांचा और कई भवन प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन राहत एवं नुकसान के आकलन के लिए अर्धसैनिक बल, पुलिस, स्थानीय लोगों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।
जिले के उपायुक्त चिहुंग चुकू ने मंगलवार को बताया कि 13 जुलाई की सुबह करीब चार बजे दामिन और पारसी-पारलो क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई। सूचना मिलते ही कोलोरियांग स्थित जिला आपातकालीन संचालन केंद्र और पारसी-पारलो के प्रशिक्षित सामुदायिक स्वयंसेवक ने पुलिस एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कुमे नदी के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हुई भारी बारिश को बाढ़ का प्रमुख कारण बताया गया है।
बाढ़ के कारण पारसी-पारलो सर्कल में दामिन को हुरी से जोड़ने वाला बेली ब्रिज बह गया, जिससे यह इलाका जिले के अन्य हिस्सों से पूरी तरह कट गया। कुमे नदी पर होटर में हाल ही में निर्मित बेली ब्रिज भी तेज बहाव में बह गया। इसके अलावा पगम और पाची गांवों को जोड़ने वाला सस्पेंशन ब्रिज भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पारसी-पारलो स्थित निरीक्षण भवन में पानी भरने से उसे आंशिक नुकसान पहुंचा है। वहीं, सेंट थॉमस पैरिश स्कूल पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ गया। पगम गांव का बैपटिस्ट चर्च और पारसी-पारलो के दो कैथोलिक चर्च प्रेयर सेंटर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रशासन के अनुसार, दो निजी मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। खेती और बागवानी की फसलों को भी भारी क्षति हुई है। पगम गांव में एक स्थानीय स्नानघर भी बाढ़ के तेज बहाव में बह गया।
घटना के बाद उपायुक्त की अध्यक्षता में आपात बैठक आयोजित कर जिला त्वरित प्रतिक्रिया दल का गठन किया गया। अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का आकलन करने और राहत कार्यों में समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हालात पर नजर रखने के लिए पुलिस और रिजर्व बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

















